एरियर की ऑनलाइन जानकारी न मिलने पर बिजली पेंशनरों में रोष
बिजली बोर्ड से पोर्टल पर एरियर का ब्योरा और छठे वेतन आयोग का लंबित भुगतान जल्द जारी करने की उठाई मांग
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत पेंशनर्ज एसोसिएशन, सोलन ने पेंशनरों को मिलने वाले एरियर का विवरण पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध न कराए जाने पर हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड प्रबंधन के प्रति रोष जताया है। रविवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता राज्य कार्यकारिणी के महामंत्री पीएल गुप्ता ने की। बैठक में पेंशनरों की विभिन्न मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पीएल गुप्ता ने कहा कि बोर्ड प्रबंधन से कई बार आग्रह करने के बावजूद पेंशनरों के एरियर का ऑनलाइन विवरण उपलब्ध कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसके कारण आयकर रिटर्न दाखिल करते समय पेंशनरों को आयकर अधिनियम की धारा 89ए के तहत मिलने वाली राहत का सही लाभ लेने में कठिनाई होती है।
उन्होंने बोर्ड प्रबंधन से पोर्टल पर एरियर का पूरा विवरण उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि प्रदेश सरकार की तर्ज पर 1 जनवरी, 2016 से पूर्व सेवानिवृत्त पेंशनरों को छठे वेतन आयोग के लंबित एरियर का भुगतान शीघ्र किया जाए, ताकि उन्हें भी जुलाई माह में इसका लाभ मिल सके। गुप्ता ने पेंशनरों से समय रहते आयकर रिटर्न दाखिल करने की अपील की और बताया कि 20 जुलाई को हमीरपुर में केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें प्रदेशभर की जिला एवं उप-जिला इकाइयों के पदाधिकारी भाग लेंगे। बैठक के दौरान पेंशनरों के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. आशुतोष गर्ग और रोहित गुप्ता भी उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी महामंत्री पीएल गुप्ता, सलाहकार ई. एसडी रतन, जिला अध्यक्ष ई. दिनेश गुप्ता, वरिष्ठ उप प्रधान ई. एसके सेन, पूर्व वरिष्ठ प्रधान ई. केडी गुप्ता, प्रेस सचिव लक्ष्मी रमण शर्मा, महासचिव विद्यासागर शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

