बरसात में बढ़ा बीमारियों ग्राफ, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़
सोलन अस्पताल की ओपीडी में रोजाना लग रही लंबी कतारें, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
निजी संवाददाता-सोलन
जिला सोलन में बरसात के साथ मौसमी बीमारियों के मामले बढऩे लगे हैं। इसका असर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की ओपीडी में साफ दिखाई दे रहा है। बीते एक सप्ताह से अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। बुखार, सर्दी-जुकाम, वायरल संक्रमण, पेट संबंधी समस्याओं, आंखों के संक्रमण और त्वचा रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। विभाग ने लोगों को दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन से बचने की सलाह दी है। लोगों से केवल उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पीने, ताजा व गर्म भोजन करने तथा खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और जंक फूड से परहेज करने को कहा गया है।
घरों व आसपास पानी जमा न होने देने और मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े, मच्छरदानी व रिपेलेंट इस्तेमाल करने की अपील की गई है। बरसात में आंखों के संक्रमण के मामले भी बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों ने गंदे हाथों से आंखें न छूने और लालिमा, जलन या सूजन होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार पाठक ने बताया कि बरसात में वायरल बुखार, दस्त, उल्टी, आंखों और त्वचा संबंधी रोगों के मरीज बढ़ जाते हैं। सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक दवाइयों व चिकित्सा सुविधाओं के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

