भारतीय चिंतन के प्रसार पर प्रज्ञा प्रवाह का फोकस
जिला स्तरीय बैठक में सामाजिक जागरूकता, भारतीय चिंतन के प्रसार और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन
निजी संवाददाता-सोलन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वैचारिक प्रकोष्ठ प्रज्ञा प्रवाह की जिला स्तरीय बैठक रविवार को सोलन स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला संघचालक गुरदीप सहनी ने की। प्रज्ञा प्रवाह के प्रांत संयोजक हिमांशु मुख्य अतिथि तथा सह-प्रांत संयोजक डॉ. राजेश विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन, भारतीय चिंतन के प्रसार और वैचारिक जागरूकता बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन के लिए वैचारिक संवाद, जनजागरण और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं को भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोडऩे पर बल दिया। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की गतिविधियां पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संगठन विस्तार के तहत अशोक टंडन को प्रज्ञा प्रवाह की प्रांत कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपने की घोषणा की गई। साथ ही बताया गया कि प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक जयनंद 29 और 30 अगस्त को हिमाचल प्रवास पर रहेंगे तथा प्रांत स्तरीय बैठक में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इस अवसर पर प्रज्ञा प्रवाह सोलन जिला की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। डॉ. राजेंद्र वर्मा को स्टडी सर्कल संयोजक, विजेंद्र सिंह कंवर को सह-संयोजक, डॉ. पवन शर्मा को शोध आयाम प्रमुख, विजय गुप्ता लांबा को महिला आयाम प्रमुख, डा. प्रकाश शर्मा को युवा आयाम प्रमुख, डा. सुधा गुप्ता को प्रचार आयाम प्रमुख तथा चंद्रमा सिंह को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में जिले के लगभग 34 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन विजेंद्र सिंह कंवर ने किया, जबकि अंत में नवनियुक्त संयोजक डा. राजेंद्र वर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

