3.5 करोड़ से दुरुस्त हुई गिरि पेयजल योजना, नियमित जलापूर्ति बहाल
नाहन के रामाधौण के पास पाइपलाइन बदलने का काम पूरा; टेस्टिंग सफल, अब शहर को रोजाना मिलेगा पर्याप्त पेयजल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नाहन शहर की मुख्य पेयजल आपूर्ति करने वाली गिरि नदी उठाऊ पेयजल योजना का मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। जल शक्ति विभाग ने करीब 3.5 करोड़ रुपए की लागत से रामाधौण के समीप क्षतिग्रस्त पाइपलाइन बदलने सहित विभिन्न तकनीकी सुधार किए हैं। योजना की सफल टेस्टिंग के बाद शहर में नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी गई है। जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि योजना के परीक्षण के पहले ही दिन करीब 22 लाख लीटर पानी लिफ्ट किया गया। शुक्रवार सुबह से गिरि उठाऊ पेयजल योजना के माध्यम से शहर में नियमित पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अब नाहन के हजारों उपभोक्ताओं को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से मानसून के दौरान रामाधौण क्षेत्र में भूस्खलन और तकनीकी खराबियों के कारण यह योजना बार-बार प्रभावित होती थी, जिससे शहर में पेयजल संकट उत्पन्न हो जाता था।
इस बार नई मोटर स्थापित करने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन बदलने और अन्य तकनीकी सुधारों से योजना को अधिक मजबूत बनाया गया है। मरम्मत कार्य के दौरान लगभग पांच दिनों तक योजना बंद रही और शहर में एक दिन छोडक़र पानी की आपूर्ति की गई, जिससे लोगों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा। विभाग ने इस दौरान नागरिकों के धैर्य और सहयोग की सराहना की। अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन ने भी शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सका। गिरि नदी उठाऊ पेयजल योजना से प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर पानी नाहन शहर को उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा खैरी और नेहरस्वार पेयजल योजनाओं से भी प्रतिदिन लगभग 12-12 लाख लीटर पानी की आपूर्ति की जाती है। योजना के सुदृढ़ीकरण के बाद अब मानसून के दौरान भी जलापूर्ति अधिक सुचारू रहने की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

