400 किलो अफीम डोडे समेत तस्कर अरेस्ट

By: Jul 27th, 2026 12:01 am

वार्ड-9 में नाकाबंदी के दौरान महिंद्रा फोर व्हीलर से 20 बोरों में मिली खेप, मामला दर्ज

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
पुलिस जिला बद्दी द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार तीसरे दिन भी बड़ी सफलता मिली है। रविवार को पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने वार्ड नंबर-9 स्थित सरकारी स्कूल के समीप नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा फोर व्हीलर से 399.500 किलोग्राम (करीब 400 किलो) अफीम डोडे बरामद किए। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार, पुत्र लक्ष्मी चंद, निवासी गांव मनलोग खुर्द, डाकघर चमदार, तहसील रामशहर, जिला सोलन के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार विशेष अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 20 प्लास्टिक के बोरों से भारी मात्रा में अफीम डोडे बरामद हुए। शुरुआती जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकता है।

तीन दिन, तीन बड़ी कार्रवाई

बद्दी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान में लगातार तीन दिनों में बड़ी सफलता हासिल की है। 24 जुलाई को 58.212 किलोग्राम चूरा-पोस्त, 25 जुलाई को 4.048 किलोग्राम गांजा और 27 जुलाई को 399.500 किलोग्राम अफीम डोडे बरामद किए गए। इन कार्रवाइयों से पुलिस ने नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App