श्रावण अष्टमी मेले में 400 सुरक्षा कर्मी संभालेंगे हिफाजत का जिम्मा
मंदिर न्यास की ओर से मेले के आयोजन के लिए तैयारियां शुरू, नयनादेवी में 13 से 22 अगस्त तक चलेगा श्रावण अष्टमी मेला
निजी संवाददाता – नयनादेवी
विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्रीनयनादेवी जी में 13 से 22 अगस्त तक अश्रावण अष्टमी मेला होंगे। इन मेलों के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दौरान 400 से अधिक सुरक्षा कर्मियों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी होगी। शुक्रवार को उपायुक्त एवं मंदिर ट्रस्ट के आयुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में मातृ आंचल भवन में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने बताया कि मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को नौ सेक्टरों में बांटा जाएगा। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 400 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। जबकि बस अड्डे से मंदिर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए छह बैरिकेड लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छह स्थायी और अस्थायी चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेला चिकित्सा अधिकारी तथा बीएमओ श्री नैना देवी जी सहायक चिकित्सा अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए टोबा, घवांडल और रोप-वे क्षेत्र में बैरियर लगाए जाएंगे तथा विशेष बस सेवाएं भी संचालित की जाएंगी। प्रशासन ने इस बार ग्रीन मेला पर विशेष जोर दिया है। लंगर लगाने के लिए ऑनलाइन अनुमति दी जाएगी और आयोजकों को साफ. सफाई तथा प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। मेले के दौरान पंजाब से लगभग 300 स्वयंसेवक भी सेवाएं देंगे, जबकि किसी भी आपदा से निपटने के लिए क्यूआरटी तैनात रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांचए निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माता की पिंडी का सीधा प्रसारण तीन एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा। इसके अलावा लगभग एक हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला जर्मन हैंगर बनाया जाएगा और पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।
मंदिर न्यास ने किया सम्मानित
बैठक के बाद उपायुक्त राहुल कुमार ने श्री नयना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर जिला वासियों के साथ ही परिवार सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर मंदिर न्यास की ओर से उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को माता की पवित्र चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

