देश-विदेश से आए 590 शोधपत्र, 95 की शानदार पेशकश

By: Jul 4th, 2026 12:02 am

पिक्स-2026 में जुटे देश-विदेश के दिग्गज शिक्षाविद, एनआईटी हमीरपुर में पावर इंजीनियरिंग, ऑटोमेशन और एआई पर महामंथन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा द्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘पावर एंड इंटेलिजेंट कंट्रोल सिस्टम्स’ (पिक्स-2026) का आयोजन किया गया। दो और तीन जुलाई को हाइब्रिड मोड पर आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य पावर इंजीनियरिंग, कंट्रोल एवं ऑटोमेशन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्रों में नवीन शोध कार्यों और तकनीकी प्रगति पर विचार-विमर्श के लिए शोधकत्र्ताओं, शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों और विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना रहा।

सम्मेलन का आयोजन प्रो. एचएम सूर्यवंशी, निदेशक, एनआईटी हमीरपुर के संरक्षण में किया गया। डॉ. ओपी राही, विभागाध्यक्ष, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग सह-संरक्षक रहे। सम्मेलन में देश-विदेश से लगभग 590 शोध-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 95 शोध-पत्रों का प्रस्तुतीकरण विभिन्न तकनीकी सत्रों में किया गया। तकनीकी सत्रों में पावर सिस्टम्स, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, कंट्रोल सिस्टम्स, रोबोटिक्स एवं इंटेलिजेंट कंट्रोल, मशीन लर्निंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में एआई, सिग्नल प्रोसेसिंग तथा अन्य उभरते क्षेत्रों पर शोध प्रस्तुत किए गए। सम्मेलन के प्रथम दिन उद्घाटन सत्र, कीनोट व्याख्यान, आमंत्रित व्याख्यान तथा शोध-पत्र प्रस्तुति सत्र आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रो. पैट्रिक व्हीलर, यूनिवर्सिटी ऑफ नॉटिंघम, यूके, प्रो. एनपी पाधी, निदेशक, एमएनआईटी जयपुर, प्रो. आशा रानी, एनएसयूटी दिल्ली तथा प्रो. विजेंद्र सिंह, एनएसयूटी दिल्ली सहित अनेक प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। सम्मेलन के दूसरे दिन प्रो. सुकुमार मिश्रा, निदेशक, आईआईटी धनबाद तथा प्रो. बिद्याधर सुबुधि, निदेशक, एनआईटी वारंगल द्वारा कीनोट व्याख्यान दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रो. उज्ज्वल कुमार कल्ला, एनआईटी दिल्ली द्वारा आमंत्रित व्याख्यान दिया गया। सम्मेलन का समापन वैलेडिक्टरी सत्र के साथ हुआ, जिसमें वक्ताओं, सत्र अध्यक्षों, शोध-पत्र प्रस्तुतकत्र्ताओं, समीक्षकों, प्रतिभागियों तथा आयोजन समिति के सदस्यों के योगदान की सराहना की गई।

शोध गतिविधियों को मिलेगी मजबूतीपिक्स-2026 के चयनित एवं समीक्षित शोध-पत्रों को स्प्रिंगर लेक्चर नोट्स इन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग श्रृंखला में प्रकाशित किए जाने की योजना है, जो स्प्रिंगर की गुणवत्ता जांच के अधीन होगा। यह सम्मेलन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और संबंधित क्षेत्रों में शोध गतिविधियों तथा शैक्षणिक सहयोग को और अधिक मजबूत करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App