श्री अमरनाथ यात्रा के लिए 9800 से अधिक तीर्थयात्रियों का 7वां जत्था जम्मू से रवाना
जम्मू। जम्मू में कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को श्री अमरनाथ यात्रा के लिए 9800 से ज़्यादा तीर्थयात्रियों का सातवां जत्था भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 9,837 तीर्थयात्री जम्मू बेस कैंप से 361 गाड़ियों के काफिले में रवाना हुए जिनमें हल्के और भारी मोटर वाहन शामिल थे। बालटाल के लिए 4480 और पहलगाम के लिए 5357 तीर्थयात्रियों का जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यात्रा के लिए रवाना हुआ। यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सामान्य प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों एवं श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने मिलकर इंतज़ाम किए हैं।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे पंजीकरण पुष्ट होने के बाद और यात्रा की तय तारीख पर ही यात्रा करें क्योंकि बिना पंजीकरण वाले किसी भी तीर्थयात्री को बेस कैंप तक जाने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दो जुलाई को जम्मू से यात्रा के पहले बैच को झंडी दिखाकर रवाना किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

