पूर्व छात्रों के लिए स्वर्णिम मौका, 13 जुलाई से 10 अगस्त तक ऑनलाइन करें अप्लाई

By: Jul 10th, 2026 9:48 pm

सेंट्रल यूनिवर्सिटी धर्मशाला के तीन बार असफल रहे विद्यार्थी पूरी कर सकेंगे डिग्री

नगर संवाददाता— धर्मशाला

केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश ने अपने पूर्व विद्यार्थियों को अधूरी डिग्री पूरी करने का एक विशेष अवसर प्रदान किया है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कुलपति के आदेशानुसार विश्वविद्यालय के सभी पाठ्यक्रमों के पूर्व विद्यार्थियों के लिए स्वर्णिम अवसर उपलब्ध करवाया गया है। इस योजना के तहत ऐसे पूर्व विद्यार्थी, जो किसी भी विषय में अधिकतम तीन बार परीक्षा देने के बावजूद उस विषय में उत्तीर्ण नहीं हो सके हैं और इसी कारण अपनी डिग्री पूरी नहीं कर पाए, वे इस अवसर का लाभ उठा सकेंगे। अधिसूचना के अनुसार, इच्छुक पूर्व विद्यार्थी 13 जुलाई से 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध फॉर्म संख्या एस-14 भरना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि फॉर्म भरने के उपरांत फॉर्म की हार्ड कॉपी तथा अधिसूचना में उल्लिखित सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर 14 अगस्त को शाम पांच बजे तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में जमा करवाना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसे सभी पात्र पूर्व विद्यार्थियों से इस विशेष अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने संबंधित अधिष्ठाताओं, विभागाध्यक्षों तथा अन्य अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App