ऊना में शहीदों को शत-शत नमन

By: Jul 27th, 2026 12:03 am

शहीद स्मारक पर कारगिल वीर सपूतों को दी श्रद्धांजलि, याद की गौरव गाथा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर जिला स्तरीय कार्यक्रम एमसी ऊना के शहीद स्मारक में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने शहीद स्मारक पर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस दौरान सहायक आयुक्त विनय मोदी, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार, जिला सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक (रि.) कर्नल एस.के. कालिया, (रि.) कर्नल डी.पी. वशिष्ठ, (रि.) कर्नल उदय डडवाल,(रि.) कर्नल योगेश समनोल (सेना मेडल), पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष (रि.) कैप्टन शक्ति चंद, राईफल मैन स्वर्गीय रोशन लाल की पत्नी श्रीमती नीलम सहित पूर्व सैनिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वीर शहीदों को सलामी देने तथा दो मिनट का मौन रखकर किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत नहीं, बल्कि हमारे सैनिकों के साहस, देशभक्ति और बलिदान का प्रतीक है। आज हम सभी देशवासी इस बात के लिए कृतज्ञ हैं कि हमारा देश सुरक्षित, अखंड और मजबूत है, जिसमें हमारे वीर शहीदों का महत्वपूर्ण योगदान है।

धुंधला में भी शहीदों को किया नमन, श्रद्धा सुमन किए अर्पित

बंगाणा। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कुटलैहड़ पीएम आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंधला में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, थाना प्रभारी बंगाणा रोहित चौधरी विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूर्व सैनिक, शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद बृजेश कुमार की प्रतिमा पर विधायक विवेक शर्मा, एसडीएम सोनू गोयल तथा थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में एनएसएस एवं एनसीसी की टुकडिय़ों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने शहीदों को किया नमन

बंगाणा। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर कुटलैहड़ सेवा संगठन द्वारा अंबेडकर भवन, थानाकलां में वीर सैनिकों के सम्मान एवं श्रद्धांजलि समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कारगिल युद्ध के अमर वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में ब्रिगेडियर राजीव ठाकुर मुख्यातिथि, वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर विशिष्ट अतिथि तथा जिला परिषद सदस्य चंचल बाला विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में कैप्टन बख्तावर सिंह, इंजीनियर मेला राम दरोच, दिलबाग सिंह, पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री मास्टर रमेश, कैप्टन सुभाष कौंडल, कैप्टन ईश्वर ठाकुर, कैप्टन जगजीवन, कैप्टन अवतार सिंह, भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय ठाकुर, पूर्व बीडीसी सदस्य देवराज शर्मा मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App