कम ऊंचाई पर भी सेेब उत्पादन की ‘नई उड़ान’
कोटगढ़ के कपूर जिस्टू ने डार्क बैरन गाला सेब से किया सफल प्रयोग, पांच किलो के बॉक्स को मिला 2600 रुपए रेट
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
जिला शिमला के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी उच्च गुणवत्ता वाले सेब का सफल उत्पादन संभव है। कोटगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत शमाटला के भड़ासा गांव के बागवान कपूर जिस्टू ने करीब 3900 फुट की ऊंचाई पर डार्क बैरन गाला किस्म के 900 हाई-डेंसिटी पौधे लगाकर इसकी मिसाल पेश की है। उनकी इस पहल से लो-हाइट क्षेत्रों के किसानों में नई उम्मीद जगी है। करीब चार वर्ष पहले लगाए गए इन पौधों से इस वर्ष पहली बार उत्पादन मिला।
सोमवार को कपूर जिस्टू अपनी पहली फसल के 30 हाफ बॉक्स (5 किलो) लेकर भट्टाकुफर फल मंडी पहुंचे, जहां प्रत्येक बॉक्स 2600 रुपए में बिका। पहली ही फसल को मिले बेहतर दाम ने उनका उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। कपूर जिस्टू ने युवाओं से आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि वैज्ञानिक तरीके से हाई-डेंसिटी सेब बागवानी अपनाकर खेती-बागवानी को रोजगार का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है और युवाओं को रोजगार के लिए भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

