कांग्रेस के अग्रणी संगठनों की टीम जल्द बनेगी, पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रजनी पाटिल ने दिए कार्यकारिणाी गठन के निर्देश
पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने दिए कार्यकारिणाी गठन के निर्देश
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
चुनावी मोड पर उतर चुकी हिमाचल कांग्रेस के अग्रणी संगठनों की कार्यकारिणी का अब जल्द गठन होगा। रविवार को प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने महिला, किसान व युवा कांग्रेस समेत एनएसयूआई व एससी और अल्पसंख्यक विभाग के राज्य पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर इस बावत निर्देश दिए है। इसके अलावा प्रभारी ने पदाधिकारियों को पीसीसी के निर्देशों पर भी अमल करने के निर्देश दिए। वहीं, हर माह तय तिथि को बैठक करने को भी कहा है। पार्टी प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में करीब एक-एक घंटे तक चली बैठकों में नए कार्यकर्ता भी संगठन के साथ जोडऩे को कहा गया है। जानकारी के अनुसार रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में महिला कांग्रेस,किसान कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस के अतिरिक्त अनुसूचित जाति कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राज्य पदाधिकारियों के साथ अलग अलग बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी व संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने विशेष तौर पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। बैठकों के दौरान प्रदेश प्रभारी ने निर्देश दिए कि संगठन व विभागों की कार्यकारिणी जल्द बनाई जाए। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन के तहत इसमें नए कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा जाना चाहिए। प्रभारी ने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यकारिणी में पार्टी के निष्ठावान व कर्मठ कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाए। रजनी पाटिल ने कहा कि पार्टी ने हर माह बैठकों का आयोजन करने की दिशा में कदम बढाया है। ऐसे में सभी अग्रणी संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों को निश्चित तिथि को बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों को बताएं उपलब्धियां
रजनी पाटिल ने साफ किया कि अग्रणी संगठनों व विभागों के सभी पदाधिकारियों को पूरे तालमेल से कार्य करते हुए पीसीसी के दिशा-निदेशों पर अमल करना होगा। रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल में अगले साल विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनावों के लिए अभी से कमर कस लेें और राज्य सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जाए।
विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की तैयारी
हिमाचल में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसकी पहली कड़ी में चार जुलाई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के गठन के बाद पहली आमसभा का आयोजन हो चुका है, जिसमें प्रदेश, जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर रोडमैप तैयार किया किया गया है। साथ ही पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल समेत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी जारी किए है। वहीं, दूसरी कड़ी में पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी के अग्रणी संगठनों व विभागों के पदाधिकारियों की रविवार को बैठक ली है और विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों की परीक्षा शुरू
शिमला में स्थापित कनेक्ट सेंटर का प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने किया शुभारंभ
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
हिमाचल में कांग्रेस के प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस का आकलन शुरू हो गया है। रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में कनेक्ट सेंटर ने कार्य शुरू कर दिया है। लिहाजा केंद्र के शुरू होने के साथ ही अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दोटूक कह दिया है कि पार्टी के दायित्वों में लापरवाह पदाधिकारी पदमुक्त भी किए जा सकते हैं। जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य, जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों के कार्यों का आकलन करने के लिए कनेक्ट सेंटर स्थापित कर दिया है और इसने रविवार को कार्य करना भी आरंभ कर दिया है। प्रदेश में किसी भी स्तर पर कांग्रेस के जो भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, उन्हें सेंटर में दर्ज किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने बताया कि ये कनेक्ट सेंटर प्रदेश में होने वाले पार्टी के किसी भी कार्यक्रम पर नजर रखते हुए पूरा डाटा सेव करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी जिला व ब्लॉक इस कनेक्ट सेंटर से जोड़े गए हैं और सभी नेताओं को, जिन्हें संगठन की जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उस पर नजर रखेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कनेक्ट सेंटर ने रविवार से विधिवत रूप में अपना कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने इस सेंटर का शुभारंभ किया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी, कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, सचिव प्रदीप सूर्या के अतिरिक्त कनेक्ट सेंटर के प्रभारी एस के सहगल व पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
दायित्व निभाने में नाकाम रहने वाले किए जाएंगे पदमुक्त
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि जो पदाधिकारी अपने दायित्व के प्रति उदासीन पाया जाएगा, उसे उस जिम्मेदारी से मुक्त भी किया जा सकता है। विनोद जिंटा ने कहा कि पदाधिकारियों को ग्रीन, यलो और रेड जोन में विभाजित किया जाएगा। इसको लेकर पूर्व में भी जानकारी साझा की गई थी। उन्होंने बताया कि सेंटर के माध्यम से पदाधिकारियों के काम का आकलन होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

