हादसा या कुछ और: जवाली के देहरी में एक और युवक संदिग्ध मौत, टांडा अस्पताल में तोड़ा दम
सुनील दत्त—जवाली
पुलिस थाना जवाली के अधीन पंचायत पनालथ के गांव देहरी निवासी सुनील कुमार उर्फ नोखा पुत्र मदन लाल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने का समाचार मिला है। जानकारी अनुसार शुक्रवार को सुनील कुमार उर्फ नोखा अपने घर के पास जंगल में जोर जोर से चिल्ला रहा था तथा उसको चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग उसके पास गए और इस बारे में परिजनों को सूचित किया। परिजन उसको बेसुध हालत में चारपाई पर डालकर सडक़ तक ले आए थे। इसके कुछ ही देरी के बाद जरोट निवासी लापता साहिल कुमार का शव भी बरामद हुआ था, जिस पर परिजनों ने शक जताया था कि सुनील कुमार उर्फ नोखा सहित उसके रिश्तेदारों ने हमारे लाड़ले को मारा है। जब सुनील कुमार उर्फ नोखा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगे, तो मृतक युवक के परिजन उसको न ले जाने को लेकर अड़ गए।
मौका पर डीएसपी वीरी सिंह ने परिजनों को समझाया, तो सुनील कुमार उर्फ नोखा को कार में डालकर सिविल अस्पताल जवाली ले जाया गया, जहां से उसे टांडा रैफर कर दिया गया। टांडा में शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। डीएसपी जवाली वीरी सिंह ने बताया कि सुनील कुमार उर्फ नोखा की टांडा में उपचार के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

