OTT से हटने के बाद गांव-गांव पहुंची ‘सतलुज’, गुरुद्वारों में प्रोजेक्टर पर हो रही फिल्म की स्क्रीनिंग

By: Jul 8th, 2026 2:00 pm

गुरदासपुर। मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन और संघर्ष पर आधारित फिल्म ‘सतलुज (पूर्व शीर्षक पंजाब 95) को ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाए जाने के बाद अब इसकी डाउनलोड की गयी प्रतियां पंजाब के विभिन्न गांवों में सार्वजनिक रूप से दिखायी जा रही हैं। खासकर माझा क्षेत्र के कई गांवों में गुरुद्वारों और खुले मैदानों में प्रोजेक्टर और बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रात के समय फिल्म की स्क्रीनिंग की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरदासपुर जिले के शेखूपुरा और पंजबड़ गांवों में मंगलवार रात स्थानीय युवाओं ने गांव के गुरुद्वारों के प्रांगण में बड़ी स्क्रीन लगाकर फिल्म का प्रदर्शन किया। स्क्रीनिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और संगत एकत्रित हुई। इसी तरह अमृतसर जिले के पंडोरी गांव तथा तरनतारन जिले के कई गांवों में भी फिल्म दिखाई गई। स्थानीय युवा संगठनों के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक संगठनों, किसान संगठनों और सामाजिक समूहों ने भी इन सार्वजनिक स्क्रीनिंग की व्यवस्था में सहयोग किया। गुरदासपुर में खेल प्रमोटर सुल्तान सिंह ने अपने पैतृक गांव में खिलाड़ियों और ग्रामीणों के लिए विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया।

अकाली दल वारिस पंजाब दे के नेता राशपाल सिंह सोसन ने बताया कि मंगलवार रात दरौली भाई और घाल कलां गांवों में भी फिल्म की स्क्रीनिंग की गयी, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने कहा कि बुधवार को मोगा जिले के चार गांवों में भी इसी तरह के सार्वजनिक प्रदर्शन आयोजित किये जाने की योजना है। सोसन ने आरोप लगाया कि फिल्म को रोकने या ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाने से लोग जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन, संघर्ष और बलिदान के बारे में जानने से नहीं रुकेंगे। उनका कहना था कि खालड़ा ने सच को सामने लाने के लिए अपना जीवन बलिदान किया और फिल्म में दिखाए गए तथ्यों को इसकी उपलब्धता सीमित कर दबाया नहीं जा सकता।

गौरतलब है कि अभिनेता दिलजीत दोसांझ अभिनीत यह फिल्म जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। भारत में रिलीज के दो दिन बाद ही इसे जी5 से हटा लिया गया था। इसके बाद स्थानीय युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) सहित विभिन्न संगठनों ने फिल्म डाउनलोड कर गांव-गांव सार्वजनिक स्क्रीनिंग शुरू कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App