अनाहत सिंह जूनियर स्क्वैश वर्ल्ड चैंपियन, फाइनल में 3-0 से हराईं मिस्र की रुक्या सलेम

By: Jul 27th, 2026 12:06 am

खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी

जोशना चिनप्पा का 21 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

भारत की 18 साल की स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने वल्र्ड स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीता। गल्र्स सिंगल्स फाइनल में टॉप सीड अनाहत ने मिस्र की दूसरी वरीयता प्राप्त रुक्या सलेम को 11-3, 11-7, 11-9 से हराया। इसके साथ ही वह जूनियर वल्र्ड चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2005 में रहा था, जब जोशना चिनप्पा फाइनल तक पहुंची थीं। अनाहत ने अब भारत को इस टूर्नामेंट का पहला गोल्ड दिलाया। गल्र्स जूनियर वल्र्ड चैंपियनशिप में 2011 से लगातार मिस्र की खिलाड़ी खिताब जीत रही थीं।

अनाहत ने फाइनल में रुक्या सलेम को हराकर यह सिलसिला तोड़ दिया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में छह मैच खेले और सिर्फ दो गेम गंवाए। गल्र्स वर्ग में अनाहत के अलावा रुद्र सिंह, अनिका दुबे और शानवी कलंकी राउंड ऑफ-32 में बाहर हो गईं। ब्वॉयज वर्ग में आर्यवीर दीवान भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे। वह प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे। युशा नफीस और गुरवीर सिंह राउंड ऑफ-32 में हार गए।

लॉस एंजल्स ओलंपिक पर नजर

सीनियर पीएसए वल्र्ड रैंकिंग में 20वें स्थान पर मौजूद अनाहत की नजर अब 2028 लॉस एंजल्स ओलंपिक पर होगी, जहां पहली बार स्क्वैश को शामिल किया गया है।

पिछले साल जीता था ब्रॉन्ज

अनाहत ने पिछले साल जूनियर वल्र्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस बार उन्होंने उसे गोल्ड में बदल दिया। चार बार की चैंपियन मिस्र की अमीना ओर्फी उम्र सीमा के कारण इस बार टूर्नामेंट में नहीं खेलीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App