सेब सीजन सिर पर, लेकिन सडक़ें खस्ता

By: Jul 4th, 2026 12:02 am

सेब सीजन की तैयारियों पर जिला परिषद सदस्य अतुल शर्मा ने एडीसी शिमला को सौंपा ज्ञापन

स्टाफ रिपोर्टर-चौपाल, नेरवा
15 जुलाई से शुरू हो रहे सेब सीजन को लेकर जिला परिषद वार्ड-15 गोरली मडावग के सदस्य अतुल शर्मा ने अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) शिमला को ज्ञापन सौंपकर प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष समय पर उचित प्रबंध न होने के कारण हजारों टन सेब सडक़ों और गोदामों में ही खराब हो गया था, जिससे बागवानों को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से इस वर्ष ऐसी स्थिति दोबारा न बनने देने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाने की मांग की। अतुल शर्मा ने कहा कि मानसून के साथ ही रोहड़ू, रामपुर, जुब्बल-कोटखाई, चौपाल और ठियोग सहित प्रदेश के प्रमुख सेब उत्पादक क्षेत्रों में सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन जमीनी स्तर पर तैयारियां अभी भी अधूरी हैं। उन्होंने करगोली नाला-देहा, देहा-चौपाल और बमटा-मडावग-खिडक़ी जैसी प्रमुख संपर्क सडक़ों की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए तत्काल मरम्मत, मार्गों पर झुके खतरनाक पेड़ों को हटाने तथा लोक निर्माण विभाग की अतिरिक्त मशीनरी तैनात करने की मांग की।

उन्होंने पुलिस विभाग से यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम करने और पंचायतों को लिंक रोड सुचारू रखने के लिए विशेष बजट उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। ज्ञापन में एचपीएमसी के पास लंबित बागवानों के भुगतान तुरंत जारी करने, बिना लाइसेंस अवैध सेब खरीद पर सख्त रोक लगाने तथा आढ़तियों द्वारा समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। अतुल शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते आपात योजना लागू नहीं की तो इस बार भी बागवानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और स्थानीय प्रशासन की होगी। कमल ठाकुर, नीलाक्ष, पूर्व बीडीसी सदस्य अनिल काकू, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुनीष वर्मा, नितीश सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App