सीयू में प्रवेश को आवेदन 10 जुलाई तक, स्नातकोत्तर; पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट को प्रक्रिया, 13 को जारी होगी सूची

By: Jul 5th, 2026 10:37 pm

नगर संवाददाता — धर्मशाला

प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट तथा अन्य कार्यक्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु नए आवेदन आमंत्रित किए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश सूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी तीन जुलाई से 10 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सबसे पहले सीयूईटी (पीजी)-2026 के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो सीयूईटी (पीजी) में शामिल, लेकिन पूर्व प्रवेश प्रक्रिया में चयनित न हो सके अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन विभागों में प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) उपलब्ध है, वहां रिक्त सीटें पहले वेटिंग सूची के अभ्यर्थियों से भरी जाएंगी।

अधिसूचना के अनुसार स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन शुल्क सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपए निर्धारित किया गया है, जबकि बीटेक और एक वर्षीय पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान कार्यक्रमों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपए रखा गया है। जमा किया गया आवेदन शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा। पहली चयन सूची 13 जुलाई को जारी होगी तथा चयनित अभ्यर्थियों को 15 जुलाई तक शुल्क जमा करना होगा। दूसरी चयन सूची 17 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी, शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 19 जुलाई निर्धारित की है। दस्तावेजों का सत्यापन और पंजीकरण 20 जुलाई को संबंधित विभागों में किया जाएगा।

इतनी रिक्त सीटों पर प्रवेश

विश्वविद्यालय द्वारा जारी रिक्त सीटों की सूची में एमए, एमएससी, एमकॉम, एमसीए, एमबीए, एमएसडब्ल्यू, एमएफए, एमटेक, एलएलएम, विभिन्न पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट तथा बीटेक सहित कुल 53 कार्यक्रम शामिल हैं। इनमें एमएससी (जियोलॉजी) में 34, एमए (पंजाबी) में 33, पीजी डिप्लोमा इन अंबेडकर स्टडीज में 32, एमए (एजुकेशन), एमए (संस्कृत), एमए (न्यू मीडिया) तथा बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फार्मेशन साइंस में 31-31 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं एमए (जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन) में 30 तथा एमए (योग) में 28 रिक्त सीटें हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App