पीएचडी के लिए 31 जुलाई तक करें अप्लाई, JRF उत्तीर्ण छात्रों को प्रवेश परीक्षा से छूट
केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में 29 विभागों की 263 सीटों पर मिलगी एंट्री, जेआरएफ उत्तीर्ण छात्रों को प्रवेश परीक्षा से छूट
नगर संवाददाता- धर्मशाला
केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु अधिसूचना जारी कर दी है। पात्र और इच्छुक उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 13 जुलाई से लेकर 31 जुलाई शाम पांच बजे तक आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष कुल 29 विभागों में 263 रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जा रहा है, जिसमें सर्वाधिक 32 सीटें भौतिकी एवं खगोलीय विज्ञान विभाग में और 24 सीटें बिजनेस स्कूल में उपलब्ध हैं। इस पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ संबद्ध विषय में मास्टर डिग्री या समकक्ष ग्रेड होना अनिवार्य है।
चार वर्षीय स्नातक (ऑनर्स विद रिसर्च) करने वाले ऐसे छात्र भी इसके लिए पात्र होंगे, जिन्होंने न्यूनतम 160 क्रेडिट प्राप्त किए हों और पहले छह सेमेस्टर में प्रत्येक में कम से कम 75 प्रतिशत अंक अर्जित करने के साथ-साथ 12 क्रेडिट का रिसर्च प्रोजेक्ट या शोध-प्रबंध (डिज़र्टेशन) पूरा किया हो। विश्वविद्यालय द्वारा अपनाई जाने वाली प्रवेश प्रक्रिया पूर्णत: द्विस्तरीय (टू-स्टेज प्रोसेस) होगी। विश्वविद्यालय ने केवल यूजीसी-जेआरएफ या सीएसआईआर-जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को ही इस लिखित परीक्षा से छूट दी है, जिन्हें सीधे इस चरण के लिए पूरे 20 अंक आबंटित किए जाएंगे। इसके अलावा शेष सभी आवेदकों, जिनमें नेट, स्लेट, शिक्षक फेलोशिप धारक या एमफिल योग्यता धारक उम्मीदवार शामिल हैं, उनके लिए इस लिखित प्रवेश परीक्षा में उपस्थित होना पूरी तरह अनिवार्य किया गया है।
प्रवेश परीक्षा 16 अगस्त को
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई सायं पांच बजे निर्धारित की गई है। इसके उपरांत 11 अगस्त को प्रवेश पत्र डाउनलोड हेतु उपलब्ध करवाए जाएंगे। पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तिथि 16 अगस्त निर्धारित की गई है तथा परीक्षा परिणाम 25 अगस्त को घोषित किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

