मानसून में इन सब्जियों से करें परहेज, जानिए इसका कारण…

By: Jul 3rd, 2026 7:48 pm

जिस तरह मानसून धीरे-धीरे अलग-अलग राज्यों व शहरों में अपनी दस्तक दे रहा है, यह हमारी सेहत पर भी सीधा असर डाल रहा है। भले ही गर्मी से राहत मिली हो, लेकिन इस दौरान कई बीमारियों के होने का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर डाइजेस्टिव सिस्टम पर ज्यादा दबाव भी पड़ सकता है। कई बार तो लोग सुबह पेट से जुड़ी कई समस्याएं जैसे ब्लोटिंग, अपच और पेट साफ न होने और दर्द का सामना करते हैं।

जिसका एक मुख्य कारण मौसमी बदलाव में गलत सब्जियां खाना है। जी हां, भले ही सभी सब्जियां हेल्दी होती हैं, लेकिन उन्हें मौसम के हिसाब से खाया जाना चाहिए। नमी, तापमान में बदलाव और बैक्टीरिया की बढ़ी हुई सक्रियता के कारण ये समस्याएं बढऩे लगती हैं। ऐसे में रात के भोजन का चुनाव बहुत सोच समझकर करना चाहिए। कुछ सब्जियां ऐसी होती हैं जो मानसून में रात के समय खाने पर पाचन संबंधी परेशानी बढ़ा सकती हैं। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि ये सब्जियां पूरी तरह से नुकसानदायक हैं, बल्कि इन्हें सही मात्रा और सही समय पर खाना ज्यादा बेहतर माना जाता है। आइए जानते हैं इन सब्जियों के बारे में।

हरी पत्तेदार सब्जियां

वैसे तो हरी पत्तेदार सब्जियां न्यूट्रीएंट्स से भरपूर होती हैं, जो शरीर को फिट रखने के लिए जरूरी पोषण देती हैं। लेकिन बारिश के मौसम में इनसे परहेज करना ही बेहतर है। दरअसल इस मौसम में कीट-पतंगों और बैक्टीरिया की प्रजनन क्षमता बढ़ जाती है। इस मौसम में पालक, चौलाई आदि पत्तेदार सब्जियां अकसर पसंद की जाती हैं और खाई जाती हैं। लेकिन इनमें मिट्टी, कीड़े और माइक्रोऑर्गेनिज्म के मिलने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए बहुत जरूरी है कि अगर आप इन्हें खा रहे हैं तो सही तरीके से साफ करके खाएं वरना संक्रमण का जोखिम बढ़ सकता है। वहीं इन पत्तेदार सब्जियों को रात के समय खाने से कुछ लोगों का डाइजेशन स्लो हो सकता है।

फूलगोभी खाने से बचें

वैसे तो फूलगोभी में फाइबर और कुछ जटिल कार्बोहाइड्रेट पाए जाते हैं, जिन्हें पचाने में समय लग सकता है। ऐसे में अगर आप रात को इसका सेवन करते हैं, तो खाने के बाद या सुबह तक आपको अपना पेट फूला-फूला सा, गैस और भारीपन सा महसूस हो सकता है। गोभी में कीड़े भी हो सकते हैं, इसलिए अगर आपको पहले से ही गैस या अपच की समस्या रहती है, तो इसे मानसून में रात के समय खाने से बचें और अगर खा रहे हैं तो थोड़ा सीमित मात्रा में लेना ही बेहतर है।

पत्तागोभी से करें परहेज

पत्तागोभी भी गैस बनाने वाली सब्जियों में गिनी जाती है। इसमें रैफिनोज नाम का एक कार्बोहाइड्रेट और हाई फाइबर होता है, जिसे पचाने में हमारे पेट को थोड़ी दिक्कत हो सकती है। इसलिए कोशिश करें कि मानसून में पत्तागोभी की सब्जी खाने से बचें।

सही तरीके से खाएं मशरूम

मशरूम बारिश के मौसम में अधिक होते हैं। नमी और उमस वाली जगहों पर पनपने के कारण यह जल्दी खराब भी हो जाते हैं। डाक्टर बताते हैं कि यह पचने में थोड़े भारी होते हैं, जिन्हें पचाना हमारे डाइजेस्टिव सिस्टम के लिए मुश्किल हो सकता है। इसलिए रात के समय मशरूम खाने से बचें और अलग खा रहे हैं तो अच्छे से साफ करके और पकाकर खाएं। इन्हें लंबे समय के लिए बचाकर न रखें। मार्केट से जब भी लाएं, तो फ्रिज में स्टोर करके रखें, क्योंकि नॉर्मल टेंप्रेचर में यह एक दिन में ही खराब हो जाते हैं।

कच्ची या आधी पकी सब्जियां खाने से बचें

डाक्टर मानसून में कच्ची सब्जियों और सलाद खाने को लेकर अधिक सावधानी बरतने की सलाह देते हैं। नमी के कारण इन पर बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्मजीव पनप सकते हैं। ऐसे में कच्ची या आधी पकी हुई सब्जियां खाने से पेट खराब हो सकता है, दस्त या इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है, पेट में दर्द भी हो सकता है। इसलिए मानसून में अच्छी तरह पकी हुई सब्जियां अधिक सुरक्षित मानी जाती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App