भाजपा ने कल बुलाई कोर समिति की बैठक, प्रदेश के राजनीतिक, संगठनात्मक, चुनावी मुद्दों पर होगा मंथन

By: Jul 5th, 2026 11:48 pm

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

हिमाचल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा भी अब इलेक्शन मोड पर आ गई है। पार्टी की कोर समिति की एक अहम बैठक मंगलवार को शिमला में बुलाई गई है। इस दौरान संगठनात्मक, आगामी विधानसभा चुनाव समेत महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। प्रदेश कोर समिति की बैठक मंगलवार को शिमला के चक्कर स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय दीप कमल में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल करेंगे। सुबह दस से शाम पांच बजे तक कोर समिति की यह मैराथन बैठक होगी। इसमें प्रदेश के समसामयिक राजनीतिक विषयों, संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों एवं चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सुरेश कश्यप, सतपाल सिंह सत्ती, सुरेश चंदेल, डा. सिकंदर कुमार, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, राकेश जम्वाल, त्रिलोक जम्वाल, विपिन सिंह परमार, राजीव सहजल, हर्ष महाजन, रणधीर शर्मा, संजीव कटवाल तथा पायल वैद्य आदि उपस्थित रहेंगे। बैठक में स्थायी आमंत्रित सदस्यों के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा तथा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में प्रदेश के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने, बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा, आगामी चुनावों की तैयारियों पर व्यापक मंथन किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App