पांवटा नगर परिषद में फिर लहराया भाजपा का परचम

By: Jul 7th, 2026 12:02 am

निर्मल कौर दूसरी बार बनीं अध्यक्ष और इंद्रजीत सिंह मिक्का उपाध्यक्ष निर्वाचित

कार्यालय संवाददाता—पांवटा साहिब
नगर परिषद पांवटा साहिब में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर एक बार फिर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। सोमवार को एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल की अध्यक्षता में हुए चुनाव में वार्ड-1 की पार्षद निर्मल कौर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष, जबकि वार्ड-9 के निर्दलीय पार्षद इंद्रजीत सिंह मिक्का उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने से उन्हें निर्विरोध चुना गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान आठ भाजपा समर्थित पार्षदों के साथ पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी भी मौजूद रहे, जबकि कांग्रेस समर्थित पार्षद लगातार तीसरी बार बैठक से अनुपस्थित रहे। इससे पहले भी दो बैठकें कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित करनी पड़ी थीं।

उल्लेखनीय है कि हालिया नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार छह वार्डों में विजयी हुए थे। बाद में दो निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिलने से भाजपा ने बहुमत हासिल कर लिया। विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि यह परिणाम जनता के विश्वास की जीत है और नई परिषद शहर के विकास कार्यों को नई गति देगी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मल कौर और उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मिक्का ने स्वच्छता, पेयजल, सडक़, पार्क, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य जनसुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया। अब शहरवासियों की उम्मीदें नई नगर परिषद के कामकाज पर टिकी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App