चंबापत्तन ब्यास किनारे मिली युवक की लाश
स्टाफ रिपोर्टर- गरली
गरली क्षेत्र के चंबापत्तन स्थित ब्यास नदी किनारे शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 24 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सुबह सैर और अन्य कार्यों के लिए निकले लोगों में उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक राहगीर की नजर नदी किनारे अचेत अवस्था में पड़े युवक पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी सूचना रक्कड़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इलमदीन के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवक की जांच की तो वह मृत पाया गया।
छानबीन में मृतक की पहचान बबलू कुमार (24) निवासी गांव अंब पठियार के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल मृतक के परिजनों का पता लगाकर उन्हें घटना की सूचना दी। एसपी संदीप धबल ने बताया कि पुलिस संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

