पांच करोड़ से तैयार 2.5 किमी नेचर ट्रेल में दिलकश हिमालयी नजारे

By: Jul 6th, 2026 12:02 am

शिमला को मिला नया पर्यटन तोहफा, कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल बना आकर्षण , बोनसाई गार्डन और वॉच टावर का अनूठा अनुभव

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में पर्यटकों को अब प्रकृति के और करीब ले जाने वाला नया पर्यटक स्थल मिल गया है। वन विभाग द्वारा लगभग पांच करोड़ रुपए की लागत से विकसित कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल का प्रथम चरण शुरू होने के साथ ही यह स्थल पर्यटन का नया आकर्षण बन गया है। करीब 2.5 किलोमीटर लंबी इस ट्रेल को इस तरह विकसित किया गया है कि बच्चे, युवा और वरिष्ठ नागरिक सभी आसानी से इसका आनंद ले सकें। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में इस महत्वाकांक्षी इको-टूरिज्म एवं नेचर इंटरप्रिटेशन परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया है। पर्यटकों के आकर्षण के लिए ट्रेल में बोनसाई उद्यान भी तैयार किया गया है, जहां 15 प्रजातियों के 40 बोनसाई पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा थ्री-डी डिस्प्ले के माध्यम से हिमाचल के राज्य पक्षी मोनाल, जुजुराना और विभिन्न बोनसाई प्रजातियों की जानकारी दी जा रही है। प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेने के लिए वॉच टावर और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए योग प्वाइंट भी विकसित किए गए हैं।

वन विभाग ट्रेल परिसर में कैक्टस गार्डन, ऑर्किड उद्यान और विभिन्न प्रजातियों के मशरूम उद्यान भी विकसित कर रहा है। इन सुविधाओं से पर्यटकों के साथ-साथ बच्चों को हिमाचल की समृद्ध जैव विविधता को नजदीक से जानने और समझने का अवसर मिलेगा। इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। ट्रेल के संचालन और प्रबंधन में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है तथा युवाओं को नेचर गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उप वन संरक्षक अनिकेत वान्वे ने बताया कि परियोजना के लिए भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय ने राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पांच करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य प्रकृति संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत करना है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखें और कूड़ा केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि इस नेचर ट्रेल की प्राकृतिक सुंदरता लंबे समय तक सुरक्षित रह सके।

ट्रेल से देखें पर्वत शिखरों का विहंगम नजारा
ट्रेल की सबसे बड़ी विशेषता यहां से दिखाई देने वाले हिमालय के विहंगम दृश्य हैं। यहां से शाली शिखर, महालू शिखर, मशोबरा, नालदेहरा और आसपास की पर्वत श्रृंखलाओं का मनमोहक नजारा देखा जा सकता है। देवदार, चीड़ और बांज के घने जंगलों के बीच बना यह मार्ग पर्यटकों को प्रकृति की गोद में सुकून और रोमांच दोनों का अनुभव कराता है।

शहर से आठ किलोमीटर दूर पोआबो में है टूरिस्ट प्लेस
शिमला के ऑकलैंड टनल से लगभग आठ किलोमीटर दूर पोआबो पंचायत में स्थित यह ट्रेल सडक़ से सीधे जुड़ी है। इससे पर्यटकों की पहुंच बेहद आसान हो गई है। लगभग आठ हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस परियोजना का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के प्रति जागरूकता और सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App