पुणे-दिल्ली में इमारतें गिरी, मलबे में दबे कई लोग, केदारनाथ यात्रा में बारिश ने डाला खलल, श्रद्धालुओं की संख्या घटी

By: Jul 9th, 2026 12:06 am

बारिश के चलते हादसा वायनाड में अब भी पांच लापता

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

भारी बारिश के चलते बुधवार को महाराष्ट्र के पुणे और दिल्ली में दो इमारतें गिर गईं। महाराष्ट्र के पुणे जिला के पिंपरी-चिंचवड़ में बुधवार को कचरे का एक बड़ा ढेर तीन मंजिला इमारत पर गिर गया, जिससे वह ढह गई और कम से कम 16 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। वहीं दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 16 में एक बिल्डिंग गिर गई। बताया जा रह है बिल्डिंग पुरानी थी और बारिश के चलते हादसा हुआ। आशंका है कि इसके मलबे में कुछ लोग दबे हो सकते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गर्ईं और बचावअ अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया।

खबर लिखे जाने तक दोनों जगह रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। वहीं केरल के वायनाड जिला में टनल रोड निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन के एक दिन बाद भी रेस्क्यू जारी रहा। हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लोग अब भी लापता हैं। बचाव दल मलबे में लापता लोगों की तलाश में जुटा है। इस बीच उत्तराखंड में लगातार बारिश का असर केदारनाथ यात्रा पर भी पड़ा है। तीन हफ्ते पहले तक रोज करीब 30 हजार श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर रहे थे। अब यह संख्या घटकर करीब 1000 रह गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App