अचानक दिल्ली गए मुख्यमंत्री सुक्खू, पार्टी हाइकमान से सरकार-संगठन पर चर्चा संभव, आज लौटने के आसार

By: Jul 4th, 2026 12:01 am
Sukhu Sarkar ke teen saal :

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार सुबह अचानक दिल्ली रवाना हुए हैं। वह शनिवार को शिमला वापस लौट सकते हैं। इस बार संगठन और सरकार से संबंधित विषयों पर पार्टी हाइकमान में भी चर्चा प्रस्तावित है। उधर, हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल शिमला दौरे पर भी आने वाली हैं। शनिवार को कांग्रेस ऑफिस में पीसीसी की आम सभा रखी गई है।

कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन होने के उपरांत पहली आमसभा चार जुलाई को तय हुई है। आमसभा में कांग्रेस के प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल मुख्य रूप से अपनी उपस्थित दर्ज करवाएंगी, जबकि मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल के सदस्य भी इसमें शामिल होंगे। आमसभा के बाद रजनी पाटिल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी बैठक करेंगी। इसके अलावा पांच जुलाई को प्रभारी युवा और महिला कांग्रेस समेत पार्टी के अन्य संगठनों की भी बैठक लेगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आमसभा आज

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने बताया कि चार जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार की अध्यक्षता में होने वाली आमसभा में प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल समेत सहप्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी भी विशेष तौर पर शिरकत करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सुक्खू के अलावा मंत्रिमंडल के सभी सदस्य विधायक, गत विधानसभा चुनावों के पार्टी प्रत्याशी, पीसीसी के पदाधिकारी, कार्यकारिणी के सदस्य, जिला व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों व विभागों के राज्य प्रमुखों को इस सभा में बुलाया गया है। आमसभा के बाद प्रभारी रजनी पाटिल बाद दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी अलग से बैठक करेगी। अगले दिन पांच जुलाई को प्रभारी पार्टी मुख्यालय में एक-एक घंटे तक महिला, किसान, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, एससी विभाग और कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की राज्य कार्यकारिणी के साथ अलग-अलग बैठकें करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App