चौपाल कॉलेज में कॉमर्स स्ट्रीम बंद, भडक़ा आक्रोश

By: Jul 6th, 2026 12:02 am

संस्थान को बचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और छात्रों ने बनाई रणनीति, तुरंत बहाली की उठाई मांग

स्टाफ रिपोर्टर-चौपाल, नेरवा
राजकीय महाविद्यालय चौपाल में वाणिज्य संकाय (कॉमर्स स्ट्रीम) को बंद करने के सरकारी प्रस्ताव के खिलाफ क्षेत्र के लोगों का गुस्सा तेजी से फुट पड़ा है। सरकार के इस विवादित निर्णय का पुरजोर विरोध करने के लिए कॉलेज परिसर में स्थानीय हितधारको जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदो व्यापार मंडल और पूर्व छात्र संघ के सदस्यों की एक आपात बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी पक्षों ने एक सुर में कॉलेज में वाणिज्य संकाय को तुरंत बहाल करने की मांग उठाई। वक्ताओं का कहना है कि चौपाल जैसे सुदूर ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं के लिए यह स्ट्रीम करियर निर्माण का एक बेहद महत्वपूर्ण जरिया है। इसे बंद करने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए मजबूरन दूसरे शहरों या राज्यों का रुख करना पड़ेगा, जो उनके लिए आर्थिक और मानसिक रूप से बेहद कष्टकारी होगा।

इस आंदोलन को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और संस्थान के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए बैठक में विकास समिति का गठन भी किया गया। स्थानीय नेताओं और शिक्षक-अभिभावक संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस गंभीर संवेदनशील मुद्दे को लेकर शिक्षा मंत्री से भी सीधे बातचीत की जा चुकी है, जिन्होंने मामले पर सकारात्मक रुख अपनाने का आश्वासन दिया है। वहीं दूसरी ओर, कॉलेज प्रबंधन और प्राचार्य ने भी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस लड़ाई में सभी से एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की है। बैठक में मौजूद चांजू पंचायत के ग्राम प्रधान समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिकों ने चेतावनी दी है कि जब तक वाणिज्य संकाय को फिर से शुरू करने की आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं होती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App