सफाई के लिए कमेटी, नियम तोडऩे वालों पर लगेगा जुर्माना

By: Jul 6th, 2026 12:02 am

घणाहट्टी पंचायत में स्वच्छता के लिए मकान मालिक से 100 रुपए, किराएदार से 50 रुपए की सहयोग राशि ली जाएगी, लोगों की सलाह से होंगे विकास के काम

स्टाफ रिपोर्टर – शिमला
घणाहट्टी पंचायत की ग्राम सभा में रविवार को विकास, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। पंचायत के समग्र विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। ग्राम सभा में जिला परिषद सदस्य अनिता शर्मा ने विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों पर भरोसा जताकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए सभी को मिलकर विकास कार्यों को गति देनी होगी।

बैठक के दौरान बिजली, पेयजल, सडक़, नालियों और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। ग्राम सभा ने इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाने और उनके शीघ्र समाधान के लिए प्रभावी पैरवी करने का निर्णय लिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य किए जाएंगे। ग्राम सभा के बाद पंचायत प्रधान रोशन लाल ने बताया कि घनाहट्टी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पार्किंग समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सडक़ किनारे अनियंत्रित ढंग से वाहन खड़े करने से बचें, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत के निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ग्राम सभा में एक विशेष समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया। यह समिति पंचायत क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। इसके लिए मकान मालिकों से 100 रुपए तथा किराएदारों से 50 रुपए प्रतिमाह सहयोग राशि ली जाएगी। पंचायत का मानना है कि जनसहयोग से क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में मदद मिलेगी। ग्राम सभा के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पंचायत के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, बेहतर यातायात व्यवस्था और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। पंचायत का कहना है कि जनभागीदारी और प्रशासनिक सहयोग से घनाहट्टी को एक सुव्यवस्थित और आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App