सीबीएसई स्कूलों में कम्प्यूटर टीचर्ज की मेरिट पर हो तैनाती
आउटसोर्स शिक्षक संघ की मांग को बताया निराधार
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश कम्प्यूटर लेक्चरर एसोसिएशन ने प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में नियमित कम्प्यूटर लेक्चरर्स की नियुक्तियों पर रोक लगाने की मांग का कड़ा विरोध जताया है। संघ का कहना है कि इन विद्यालयों में केवल मेरिट के आधार पर चयनित नियमित कम्प्यूटर लेक्चरर्स की ही तैनाती होनी चाहिए। एसोसिएशन ने आउटसोर्स कम्प्यूटर शिक्षक संघ की मांग को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता और निर्धारित सेवा नियमों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास और राज्य महासचिव रजनीश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी नियुक्तियों के समय भी आउटसोर्स शिक्षकों की ओर से दबाव बनाकर कई नियमित चयनित अभ्यर्थियों को विद्यालयों में नियुक्ति से वंचित रखने का प्रयास किया गया था। एसोसिएशन ने सरकार से मांग की कि प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए केवल मेरिट आधारित नियमित कंप्यूटर लेक्चरर्स की ही नियुक्ति की जाए तथा किसी भी प्रकार के दबाव में आकर स्थापित नियमों से छेड़छाड़ न की जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

