पांवटा में जलभराव-अतिक्रमण पर जताई चिंता
वरिष्ठ नागरिक परिषद ने उठाईं शहर की समस्याएं, प्रशासन से जल्द उठाई समाधान की मांग
कार्यालय संवाददाता—पांवटा साहिब
वरिष्ठ नागरिक परिषद पांवटा साहिब की मासिक बैठक बुधवार को परिषद अध्यक्ष राजिंद्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, वित्तीय स्थिति तथा शहर की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में महासचिव विजय कुमार चौहान ने जून माह की कार्यवाही प्रस्तुत की, जबकि वित्त सचिव ने आय-व्यय का ब्यौरा रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इस अवसर पर सीआई के पूर्व महाप्रबंधक विपुल कुमार गुप्ता ने परिषद की सदस्यता ग्रहण की। उनका शॉल व पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया तथा परिषद के हेल्थ केयर सेंटर की जानकारी दी गई। वहीं जीवन शर्मा, एसएस गुप्ता, गुरशरण सिंह, मुकेश गर्ग, डॉ. अमरजीत सिंह, डॉ. पीके शांडिल और चंद्रभूषण गुप्ता को जन्मदिन पर सम्मानित किया गया।
बैठक में सदस्यों ने मानसून के दौरान शहर की सडक़ों पर जलभराव, फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण, पुराने बस स्टैंड से पूछताछ केंद्र व समयसारिणी बोर्ड हटाए जाने तथा प्रमुख चौराहों पर बसों के रुकने से लगने वाले जाम पर चिंता जताई। परिषद ने मांग की कि बस स्टॉप चौराहों से कम से कम 50 मीटर दूर बनाए जाएं और यात्रियों की सुविधाएं जल्द बहाल की जाएं। परिषद ने इन सभी मुद्दों को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष और एसडीएम पांवटा साहिब के साथ शीघ्र बैठक करने का निर्णय लिया। बैठक में यह भी बताया गया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी होने के बाद परिषद के जिला कल्याण विभाग से संबद्ध होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। साथ ही राज्य स्तरीय वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन में परिषद के प्रतिनिधियों की भागीदारी की जानकारी भी साझा की गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

