पंचायत समिति अंब पर कांग्रेस ने जमाया कब्जा

By: Jul 26th, 2026 12:52 am

शारदा देवी अध्यक्ष, तो राजेश कुमार को उपाध्यक्ष का ओहदा
स्टाफ रिपोर्टर-अंब
पंचायत समिति अंब के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर कब्जा कायम कर लिया। शनिवार को आयोजित चुनाव प्रक्रिया में सभी ब्लॉक समिति सदस्यों ने भाग लिया। सामान्य महिला के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने वार्ड नंबर 15 कुठियाड़ी से शारदा देवी को उम्मीदवार बनाया था, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड नंबर 14 भटेहड़ से राजेश कुमार को मैदान में उतारा गया। वहीं भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए धुसाड़ा वार्ड से निर्मला देवी तथा उपाध्यक्ष पद के लिए नैहरियां वार्ड से रमन राजन को प्रत्याशी बनाया था। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि अध्यक्ष पद के चुनाव में शारदा देवी को 15 मत तथा निर्मला देवी को 7 मत प्राप्त हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में राजेश कुमार को 14 मत मिले, जबकि रमन राजन को 8 मत प्राप्त हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने मौके पर पहुंचे।

पर्याप्त संख्या के बाबजूद बीजेपी को झेलनी पड़ी हार
अंब। नगर पंचायत अंब के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस ने शनिवार को ब्लॉक समिति अंब के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के दोनों पदों पर भी कब्जा जमाकर अपनी राजनीतिक बढ़त और मजबूत कर ली है। दोनों पदों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत को क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू की बड़ी रणनीतिक सफलता माना जा रहा है। गौरतलब है कि ब्लॉक समिति अंब के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव की तिथि इससे पहले दो बार स्थगित हो चुकी थी। चुनाव से पहले भाजपा अपनी पर्याप्त संख्या के आधार पर दोनों पदों पर जीत का दावा कर रही थी, जबकि कांग्रेस ने पूरी रणनीति को गोपनीय रखते हुए अंतिम समय तक अपने पत्ते नहीं खोले।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App