भारतीय हॉकी टीम की नारंगी जर्सी पर विवाद, पूर्व कप्तान रास्किन्हा बोले, नीला रंग हमारी पहचान

By: Jul 30th, 2026 9:59 pm

पूर्व कप्तान रास्किन्हा बोले; नीला रंग हमारी पहचान, हॉकी इंडिया अध्यक्ष ने कहा, खिलाडिय़ों की पसंद से बदलाव

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

हॉकी वल्र्ड कप 2026 से पहले भारतीय हॉकी टीम की जर्सी को लेकर विवाद हो गया है। दशकों से नीली जर्सी में खेलने वाली भारतीय टीम अब वल्र्ड कप में नारंगी रंग की किट में नजर आएगी। भारतीय हॉकी के दिग्गज और पूर्व कप्तान विरेन रास्किन्हा ने जर्सी का रंग बदलने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। वहीं, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने इस फैसले का बचाव किया है। रास्किन्हा ने कहा कि नीले रंग की जर्सी हमारी पहचान थी। उधर, टिर्की ने कहा कि मौजूदा जर्सी का रंग खिलाडिय़ों की पसंद थी। हॉकी इंडिया ने 27 जुलाई को पुरुष और महिला टीमों की नई जर्सी लॉन्च की थी। भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान विरेन रासकिन्हा ने इस फैसले का विरोध किया है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भारतीय टीम की पहचान हमेशा नीली जर्सी रही है और इसे बदलने का कोई तर्क समझ नहीं आता। विरेन रासकिन्हा जूनियर वल्र्ड कप 2001 जीतने वाली टीम के सदस्य थे और सीनियर टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। उन्होंने एथेंस ओलंपिक 2004, मेंस हॉकी वल्र्ड कप 2006 और चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्हें अपने दौर के बेस्ट मिडफील्डर्स में गिना जाता है।

वल्र्ड कप के बाद बदल सकते हैं जर्सी

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप कुमार टिर्की ने कहा कि यह फैसला खिलाडिय़ों, कप्तानों, कोच और सपोर्ट स्टाफ के सुझाव पर लिया गया। अगर वल्र्ड कप के बाद खिलाडिय़ों को यह जर्सी पसंद नहीं आती है, तो भविष्य में इसे बदला भी जा सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App