सीएचसी नगरोटा सूरियां में सुविधाओं का संकट, एक बेड पर दो मरीजों का इलाज
निजी संवाददाता- नगरोटा सूरियां
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरोटा सूरियां में सुविधाओं की कमी के चलते मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में रोजाना 200 से अधिक ओपीडी होने के बावजूद कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। मरीजों का आरोप है कि अस्पताल में जरूरी दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। दस्त और उल्टी से पीडि़त मरीजों को ग्लूकोज की छोटी बोतलें भी मेडिकल स्टोर से लानी पड़ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दो स्टाफ नर्सों के डेपुटेशन पर होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। अस्पताल में मरीजों की अधिक संख्या के कारण कई बार एक बेड पर दो-दो मरीजों को रखना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। बीएमओ डा. अमन दुआ ने बताया कि ग्लूकोज की छोटी बोतलों की आपूर्ति उच्च स्तर से प्रभावित हुई है। अस्पताल से दो स्टाफ नर्सें डेपुटेशन पर भेजी गई हैं। सीएचसी की स्वीकृत क्षमता केवल छह बेड की है। मरीजों की संख्या बढऩे पर एक बेड पर अधिक मरीज रखने की स्थिति बन जाती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

