अमृतसर में सीमा पार हथियार और ड्रग्स तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

By: Jul 27th, 2026 1:56 pm

अमृतसर। पंजाब पुलिस के अमृतसर कमिश्नरेट ने सीमा पार संचालित अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच अत्याधुनिक पिस्तौल, 2.015 किलोग्राम हेरोइन और पांच लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।

पंजाब महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार से अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल थे। बरामद हथियार और हेरोइन को पंजाब में विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने की साजिश रची जा रही थी। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। आरोपियों के आगे और पीछे के नेटवर्क (फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक) की पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके और इससे जुड़े सभी सहयोगियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

उन्होंने कहा कि राज्य में सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी है। पंजाब को सुरक्षित, नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App