फैसले का दिन, 27 मेंबर्ज जरूरी
आज होगा नालागढ़ बीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव, भाजपा-कांग्रेस ने किया जीत का दावा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
बीडीसी नालागढ़ के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव आज सुबह 11 बजे बीडीओ कार्यालय नालागढ़ में होगा। 40 सदस्यीय पंचायत समिति के अध्यक्ष पद का चुनाव इस बार अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और दोनों दल जीत का दावा कर रहे है। आज होने वाले चुनाव में सबसे अधिक नजरें कोरम पर टिकी हैं। 40 सदस्यीय पंचायत समिति की बैठक के लिए दो.तिहाई यानी 27 सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य है। यदि 27 या उससे अधिक सदस्य बैठक में उपस्थित रहते हैं तो अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
वहीं, कोरम पूरा नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार चुनाव स्थगित कर अगली तिथि के लिए टाल दिया जाएगा। ऐसे में दोनों दल अपने-अपने समर्थित सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं। भाजपा की ओर से पूर्व विधायक के एल ठाकुर मोर्चा संभाले हुए हैं और लगातार समर्थित सदस्यों के संपर्क में हैं।
वहीं कांग्रेस की ओर से विधायक हरदीप सिंह बावा ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। बताया जा रहा है कि दोनों दल अंतिम समय तक अपने.अपने राजनीतिक समीकरण मजबूत करने में जुटे रहे और समर्थित सदस्यों के साथ लगातार बैठकें होती रहीं। गौरतलब है कि पंचायत समिति के गठन के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में हुई देरी को लेकर पूर्व विधायक केएल कुर ने प्रशासन के समक्ष मुद्दा उठाते हुए शीघ्र चुनाव कराने की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम नालागढ़ एवं निर्वाचन अधिकारी ने 9 जुलाई को चुनाव कराने की अधिसूचना जारी की थी। ग्रामीण राजनीति की दृष्टि से नालागढ़ बीडीसी का यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पहले 27 सदस्यों का कोरम पूरा होता है या नहीं और उसके बाद पंचायत समिति की कमान किस दल के हाथ में जाती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

