नशा तस्करों पर सख्त कानून की मांग, हर पंचायत तक पहुंचेगा जनजागरण अभियान

By: Jul 7th, 2026 12:02 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चला रही आदर्श संस्था ने सोमवार को सराहां पंचायत हॉल में बैठक आयोजित कर प्रदेशभर में अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया। बैठक में संस्था के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के अलावा कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत एसवीएन पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति विषय पर प्रेरक भाषण, एकांकी और समूहगान की प्रस्तुतियों से हुई, जिनके माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत परमार ने कहा कि संस्था का लक्ष्य हिमाचल को नशामुक्त बनाना है।

उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ और अधिक कठोर कानून बनाने की मांग करते हुए कहा कि कई मामलों में कम मात्रा में बरामदगी दिखाकर आरोपियों को आसानी से जमानत मिल जाती है, जिससे उनका अवैध कारोबार जारी रहता है। उन्होंने बताया कि संस्था का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर इस संबंध में ज्ञापन सौंपेगा। जिला अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि संस्था का अभियान अब केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा। हर पंचायत में विशेषकर युवाओं और अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश थापा, अमित अत्री और सतिंद्र नेहरू ने भी संबोधित किया। इस दौरान तारा दत्त, ओम प्रकाश, भूपेंद्र, और देवांशु का प्रदेश कार्यकारिणी में स्वागत किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App