आईजीएमसी में अब अन्य विभागों के डॉक्टरों को भी मिलेगा रोबोटिक सर्जरी का प्रशिक्षण
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू होने के बाद अब अन्य विभागों के डॉक्टरों को भी इस अत्याधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अस्पताल में सबसे पहले सर्जरी विभाग और उसके बाद गायनी विभाग के डॉक्टरों को रोबोटिक सर्जरी का प्रशिक्षण दिया गया, जिनके माध्यम से कई सफल ऑपरेशन भी किए जा चुके हैं। अस्पताल में रोबोट स्थापित होने से पहले डॉक्टरों को रोबोटिक सर्जरी का प्रशिक्षण अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान, चमियाणा में दिया जाता था। अब आईजीएमसी में अत्याधुनिक सर्जिकल रोबोट स्थापित होने के बाद यह प्रशिक्षण यहीं उपलब्ध कराया जा रहा है।
इससे अन्य विभागों के चिकित्सकों को भी आधुनिक तकनीक पर सीधे प्रशिक्षण मिलेगा। आईजीएमसी में 28 करोड़ रुपए की लागत से खरीदे गए सर्जिकल रोबोट का उद्घाटन मार्च में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्ख ने किया था। रोबोटिक सर्जरी में छोटा चीरा लगाया जाता है, जिससे रक्तस्राव और दर्द कम होता है तथा मरीज जल्दी स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा सकता है। इस तकनीक से डॉक्टर शरीर के जटिल और संकरे हिस्सों को थ्री-डी और बड़ी इमेज में स्पष्ट रूप से देख सकते हैं, जिससे सर्जरी अधिक सटीक होती है और त्रुटि की संभावना कम हो जाती है। आईजीएमसी में अन्य विभागों के डॉक्टरों को भी यह प्रशिक्षण मिलने से प्रदेश के हजारों मरीजों को लाभ होगा और उन्हें महंगी रोबोटिक सर्जरी के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

