खड़ी कार को ईको वैन ने मारी टक्कर, तीन लोग जख्मी

By: Jul 26th, 2026 12:47 am

स्टाफ रिपोर्टर-अंब
अंब-ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार तडक़े रेलवे पुल के समीप एक सडक़ दुर्घटना में खड़ी कार को पीछे से आ रही एक ईको वैन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए तथा ईको वैन सडक़ पर पलट गई। घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया। पुलिस को दी शिकायत में जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडल के गांव करासा निवासी जय चौहान पुत्र कृष्ण सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार मध्य रात्री चंडीगढ़ से धर्मशाला जा रहे थे। तडक़े करीब 3:15 बजे दिलवां के पास उन्होंने अपनी कार सडक़ किनारे खड़ी कर उसके इंडिकेटर चालू किए और शौच के लिए नीचे उतर गए। वापस आकर जैसे ही वह वाहन में बैठे, पीछे से तेज रफ्तार में आई एक ईको वैन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी कार करीब 15 मीटर आगे जा पहुंची, जबकि ईको वैन अनियंत्रित होकर सडक़ के बीचों-बीच पलट गई। दुर्घटना में घायल लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए ऊना अस्पताल भेजा गया। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि मामला दर्ज किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App