हिमाचल में बेअसर हुआ अलनीनो का असर, बारिश ने बदली मानसून की तस्वीर, सामान्य वर्षा का आंकड़ा पार

By: Jul 31st, 2026 12:07 am

जुलाई की झमाझम बारिश ने बदली मानसून की तस्वीर, सामान्य वर्षा का आंकड़ा पार, पांच तक यलो अलर्ट

कार्यालय संवाददाता — शिमला

हिमाचल प्रदेश में इस बार अलनीनो के कारण सामान्य से कम बारिश होने की आशंका फिलहाल गलत साबित होती नजर आ रही है। जून महीने के अंत तक प्रदेश में मानसून कमजोर रहा और सामान्य से 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज होने के कारण सूखे जैसे हालात बनने की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि जुलाई में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया और लगातार हुई झमाझम बारिश ने पूरे प्रदेश की तस्वीर बदल दी। जुलाई समाप्त होने से पहले ही महीने की सामान्य वर्षा का आंकड़ा पार हो गया है, जबकि पूरे मानसून सीजन में बारिश की कमी भी तेजी से घटकर महज सात प्रतिशत रह गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पांच अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। ऐसे में यदि आगामी दिनों में भी अच्छी वर्षा होती रही, तो मानसून सीजन के आंकड़े सामान्य स्तर तक पहुंच सकते हैं या उससे भी आगे निकल सकते हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में पहली जुलाई से 30 जुलाई तक 260.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 247.5 मिलीमीटर होती है।

यानी जुलाई में अब तक सामान्य से पांच प्रतिशत अधिक बारिश रिकार्ड की जा चुकी है। खास बात यह है कि पूरे जुलाई महीने की सामान्य वर्षा 255.9 मिलीमीटर मानी जाती है, जिसे इस बार महीने के खत्म होने से पहले ही पार कर लिया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी जुलाई के दौरान बारिश का स्वरूप अलग-अलग रहा। कुल्लू में सामान्य से 57 प्रतिशत, किन्नौर में 54 प्रतिशत, शिमला में 43 प्रतिशत और चंबा में 36 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। सोलन में 17 प्रतिशत, सिरमौर में 14 प्रतिशत, ऊना में 6 प्रतिशत और बिलासपुर में 3 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। दूसरी ओर हमीरपुर में सबसे अधिक 44 प्रतिशत बारिश की कमी रही। लाहुल-स्पीति में 42 प्रतिशत, मंडी में 17 प्रतिशत और कांगड़ा में 11 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। बावजूद इसके अधिकांश जिलों में जुलाई की बारिश ने प्रदेश के कुल मानसूनी आंकड़ों में उल्लेखनीय सुधार किया है। हिमाचल प्रदेश में मानसून की वर्षा के चलते आगामी पांच अगस्त तक कई जिलो में भारी वर्षा का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App