प्रोमोशन में देरी पर सीएम से करेंगे शिकायत, बिजली बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने सरकार से मांगा लाभ

By: Jul 5th, 2026 10:43 pm
karamchari

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

बिजली बोर्ड में तकनीकी कर्मचारियों की प्रोमोशन में हो रही देरी की शिकायत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष दर्ज होगी। इससे पहले तकनीकी कर्मचारी संघ ने बोर्ड प्रबंधन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। इस अवधि में तकनीकी कर्मचारियों के प्रोमोशन आदेश जारी नहीं होते है, तो संघ बोर्ड मुख्यालय में अपना विरोध दर्ज करवाएगा। तदोपरांत मामले को लेकर बिजली बोर्ड की शिकायत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी की जाएगी। तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह ठाकुर और महासचिव चमन लाल शर्मा ने कहा कि तकनीकी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़ी फाइलें पिछले तीन माह से लंबित पड़ी हुई हैं, जबकि बोर्ड मुख्यालय समेत कार्यालयों में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों की प्रोमोशन बिना किसी देरी के लगातार हो रही हैं।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि फील्ड में कार्यरत तकनीकी कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर दिन-रात, आंधी-तूफान तथा अन्य विषम परिस्थितियों में भी प्रदेश के उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। संघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस विषय पर तुरंत हस्तक्षेप करते हुए बोर्ड प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाए, ताकि तकनीकी कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति फाइलों का शीघ्र अनुमोदन कर उन्हें उनके अधिकारानुसार पदोन्नति का लाभ बिना किसी और विलंब के प्रदान किया जा सके। कर्मचारी सीएम सुक्खू से भी मुलाकात कर पूरे मामले को उनके समक्ष रखेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App