हर पात्र तक पहुंचे मातृ वंदना योजना का लाभ

By: Jul 9th, 2026 12:02 am

विशेष पंजीकरण अभियान के तहत जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय ऊना में प्रशिक्षण कार्यशाला

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई-2.0) के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के उद्देश्य से संचालित विशेष पंजीकरण अभियान के तहत बुधवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय ऊना में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश कुमार ने की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बाल विकास परियोजना अधिकारियों, वृत्त पर्यवेक्षकों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नवीन डिजिटल प्रणाली एवं तकनीकी प्रक्रियाओं से दक्ष बनाकर योजना के शत-प्रतिशत प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल तकनीकी जानकारी प्रदान करना ही नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि जिले की प्रत्येक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिला तक योजना का लाभ समयबद्ध एवं सुगमता से पहुंचे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में भारत सरकार की एक महत्त्वपूर्ण पहल है, जिसके सफल क्रियान्वयन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 15 जून से 15 जुलाई तक पूरे देश में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान पात्र गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण एवं आवेदन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को और गति मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App