हर पात्र तक पहुंचे कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

By: Jul 4th, 2026 12:02 am

सक्षम गुडिय़ा बोर्ड की उपाध्यक्ष अरुणा महाजन ने की महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सक्षम गुडय़िा बोर्ड की उपाध्यक्ष अरुणा महाजन ने शुक्रवार को नाहन स्थित कल्याण भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। अरुणा महाजन ने कहा कि सक्षम गुडय़िा बोर्ड का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा, कानूनी जागरूकता तथा सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि गुडय़िा हेल्पलाइन-1515 पीडि़ताओं को त्वरित सहायता, परामर्श और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ-साथ बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल प्रशिक्षण भी प्रदान करती है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण, समयबद्ध संचालन तथा कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की ड्यूटी के दौरान वर्दी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि जिले के 1,486 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 12,617 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा 26,533 बच्चों को पोषाहार और अन्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जिले का जन्म के समय लिंगानुपात बढक़र 1018 पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष के 957से बेहतर है। बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारियों और बाल संरक्षण अधिकारी रमा रेक्टा सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App