सीबीएसई स्कूलों में 9वीं-11वीं के टर्म एग्जाम, छात्रों की सूची सीबीएसई पोर्टल पर होगी अपलोड
शिक्षा निदेशालय ने जारी किए निर्देश; छात्रों की सूची सीबीएसई पोर्टल पर होगी अपलोड, बोर्ड को नहीं भेजी जाएगी लिस्ट
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में पढऩे वाले 9वीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए अहम बदलाव किया गया है। शिक्षा निदेशालय ने निर्देश जारी कर कहा है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन दोनों कक्षाओं की प्रथम और द्वितीय टर्म परीक्षाएं अब संबंधित स्कूल स्वयं आयोजित करेंगे। साथ ही इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की लिस्ट ऑफ कैंडीडेट्स भी अब हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को नहीं भेजी जाएगी, बल्कि सीधे सीबीएसई पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी आदेश के तहत यह व्यवस्था सीबीएसई की परीक्षा उपविधियों और नए पाठ्यक्रम के अनुसार लागू की जा रही है। कक्षा 11वीं की परीक्षाएं पूरी तरह स्कूल स्तर पर होंगी, जबकि कक्षा 9वीं की परीक्षाएं भी सीबीएसई द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार संबंधित विद्यालय ही आयोजित करेंगे। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश दो जून, 2026 को जारी पूर्व निर्देशों के क्रम में जारी किया गया है।
इसके तहत सितंबर में कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों की एलओसी सीधे सीबीएसई पोर्टल पर अपलोड की जाएगी और इसके लिए एचपीबोस की कोई भूमिका नहीं होगी। शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों (उच्च शिक्षा) और सीबीएसई से संबद्ध सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इन निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। नए आदेश के लागू होने से सीबीएसई सरकारी स्कूलों में परीक्षा और विद्यार्थियों के पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया अब सीधे सीबीएसई की व्यवस्था के अनुसार संचालित होगी।
एमबीए-एमसीए की 165 सीटें आबंटित
हमीरपुर। प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने संबंधित शिक्षण संस्थानों में एमबीए और एमसीए की सीटें ऑनलाइन काउंसिलिंग के माध्यम से आबंटित कीं। दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग में एचपीसीईटी की मेरिट के आधार पर कुल 165 सीटें आबंटित की गई, जिसमें एमबीए की 88 और एमसीए की 77 सीटें शामिल हैं। जिन अभ्यर्थियों को सीटें आबंटित हुई हैं, उन्हें संबंधित शिक्षण संस्थान में 27 जुलाई तक रिपोर्ट करनी होगी। तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक डा. राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि तीसरे चरण की सीटें 29 जुलाई को आबंटित की जाएंगी।
स्कूलों में स्वास्थ्य अभियान 24 अगस्त को
शिमला। प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 24 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और विटामिन-ए अभियान एक साथ चलाया जाएगा। इस दौरान लाखों बच्चों को कृमिनाशक दवा और विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। जो बच्चे किसी कारणवश 24 अगस्त को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 29 अगस्त को आयोजित मॉप-अप अभियान के दौरान यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी जिला उपनिदेशक को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से चलने वाले इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों तथा सरकारी और निजी स्कूलों को पूरी तैयारी करने को कहा गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

