गगल एयरपोर्ट विस्तार को गति रच्छियालू में कब्जा प्रक्रिया शुरू

By: Jul 4th, 2026 12:01 am

बरसात के बाद सामान शिफ्ट करेंगे लोग

नगर संवाददाता-गगल
गगल एयरपोर्ट के बहुप्रतीक्षित विस्तारीकरण परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। शुक्रवार को पर्यटन अधिकारी विनय धीमान, भूमि अधिग्रहण अधिकारी एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल, एसडीएम शाहपुर डॉक्टर गणेश ठाकुर तथा प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मुहाल रच्छियालू में मौके पर पहुंची और अधिग्रहित भूमि पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान पंचायत प्रधान रोशन लाल , उपप्रधान दीप कुमार जोनी, वार्ड सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि गगल एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। परियोजना से प्रभावित सात मुहालों के लिए पुनर्वास एवं पुनस्र्थापन राहत राशि पहले ही घोषित की जा चुकी है।

मुहाल रच्छियालू में प्रशासन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है और प्रभावित परिवारों को उनके घरों एवं भवनों पर नोटिस भी चस्पा कर दिए गए हैं। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष बरसात के मौसम में घरों और सामान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने में आने वाली कठिनाइयों का मुद्दा उठाया। लोगों ने कहा कि लगातार बारिश के बीच सामान और घरेलू सामग्री को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना बेहद मुश्किल होगा। ग्रामीणों की इस मांग को देखते हुए प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की। अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रभावित लोगों को अपना सामान और घरेलू सामग्री सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए बरसात समाप्त होने तक का अतिरिक्त समय दिया गया है। इसके बाद ही आगे की कब्जा प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों से अपील की है कि वे परियोजना के कार्य में सहयोग करें और निर्धारित समय के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App