विशेष

यह खबर पढ़कर कभी गूगल पर नंबर सर्च नहीं करेंगे आप

By: Jul 30th, 2026 4:48 pm

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

कभी न कभी आपने भी गूगल पर या किसी अन्य सर्च इंजन वेबसाइट पर फोन नंबर सर्च किया होगा। फिर उसी नंबर पर बात करने की कोशिश भी की होगी। अब खबर यह है कि ऑनलाइन सर्च किए हुए नंबरों से आपका बैंक खाता खाली हो सकता है। अपनी समस्याओं को सुलझाने के लिए आप जो नंबर निकाल रहे हैं, वह आपकी परेशानी और बढ़ा सकते हैं।

ऑनलाइन वेबसाइट पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर से साइबर सुरक्षा का खतरा बढ़ गया है। अगर आप बैंकों में खाताधारक हैं और अपनी बैंक शाखा का कस्टमर केयर नंबर गूगल से खोजते हैं, तो ऐसा न करें। अपनी समस्याओं को सुलझाने के लिए आप जो नंबर निकाल रहे हैं, वह आपकी परेशानी और बढ़ा सकता हैं। अभी हाल ही में बैंकों की ओर से जारी की गई एडवाइजरी जारी की गई है। जिसमें बताया गया है कि इंटरनेट पर कस्टमर केयर नंबर सर्च करने पर जो नंबर आते हैं, उनमें अधिकतर नंबर फर्जी होते हैं। अगर आप इन फर्जी नंबरों पर कॉल करते हैं, तो आपके जरिए दी गई जानकारी से आप साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं। साइबर क्राइम को अंजाम देने वाले ठगों ने बैंकों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अधिकतर वेबसाइट पर अपलोड कर रखे हैं। जब कोई कस्टमर इन नंबर्स पर कॉल करता है, तो साइबर ठग खुद को बैंक अधिकारी बताकर आपसे सारी डिटेल्स ले लेते हैं और फिर कुछ ही समय में आपका अकाउंट खाली कर देते हैं।

साइबर ठगों से बचने को लेकर साइबर सेल शिमला ने भी एडवाइजरी जारी की है। साइबर सेल शिमला की एडवाइजरी में बताया है कि अगर आपको बैंक से किसी भी तरह का काम है, तो आप बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं और वहां दिए गए नंबरों पर ही संपर्क करें। इसके अलावा, बैंक के दस्तावेजों पर भी ये नंबर्स मौजूद होते हैं। कभी आपको थोड़ा भी संदेह हो तो फौरन ही केंद्र सरकार के स्पेशल साइबर अपराध रोधी शिकायत नंबर 155260 पर कॉल करें और पूरी जानकारी दें। साइबर ठगी मामलों की शिकायत दर्ज करवाने के लिए साइबर हेल्प लाईन नंबर 1930 पर भी संपर्क कर सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App