पाइपलाइन के फेर में फंसा हमीरपुर का कारोबार, खुदाई ने छीनी रौनक
लेबर की धीमी रफ्तार से परेशान हो गए शहर के दुकानदार, दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे ग्राहक, खुद अपनी दुकान के आगे से भर रहे खोदी गई नालियां
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
शहर में चल रहा पानी की छह इंच की पाइपलाइन डालने के कार्य की धीमी रफ्तार ने दुकानदारों को परेशान कर दिया है। आलम यह है कि दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है तथा जेनरेटर से उठता धुआं आंखों में जलन पैदा कर रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि कार्य को आरंभ किए गए लगभग एक सप्ताह हो चला है, लेकिन काम में तेजी नहीं लाई जा रही है। लेबर सुबह 11 से 11:30 बजे काम पर आती है, तब तक शहर में लोगों की भीड़ उमड़ चुकी होती है। जब दुकानदारों के कमाने का समय होता है तो लेबर का काम अड़चन पैदा कर रहा है। यह भी बात उठी है कि ठेकेदार की नाममात्र लेबर काम कर रही है। यहां पर लेबर की संख्या को बढ़ाकर काम को तेजी से पूरा किया जाना जरूरी है।
दुकानों के ठीक आगे नाली की खुदाई की गई है तथा मलबा आधी सडक़ तक जाकर पहुंच गया है। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे खोदी गई नाली को स्वयं भरा है, ताकि ग्राहक दुकान तक पहुंच सकें। दुकानदारों ने यह भी मांग उठाई है कि पाइपलाइन डालने का कार्य शाम व रात के समय किया जाना चाहिए, क्योंकि उस समय दुकानें बंद हेाती है तथा लोगों की आवाजाही भी नहीं होती। ऐसे माहौल में जहां काम तेजी से होगा तो वहीं किसी को कोई परेशानी भी नहीं होगी। बता दें कि शहर में हमीरपुर टाउन पेयजल योजना की छह इंच की नई पाइपलाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। कीब डेढ़ किलोमीटर की इस लाइन की खुदाई व पाइप डालने का काम सब्जी व फल मार्केट से आरंभ किया गया है। दुकानों के ठीक आगे गहरी नाली खोदकर पाइप को इसमें डाला जा रहा है। करीब 100 मीटर तक लाइन डाली गई है, लेकिन नाली को साथ-साथ में नहीं भरा जा रहा, जिससे की दुकानदारों के व्यापार पर विपरीत असर पड़ रहा है। दुकानदारों ने आईपीएच विभाग से मांग की है कि कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करवाया जाए।
काम पर लेबर देरी से क्यों आ रही है इसके बारे में पता किया जाएगा। खोदी गई नाली को पाइपलाइन डालने के उपरांत भरा जाए यह सुनिश्चित किया जाएगा। दुकानदारों की समस्या का समाधान किया जाएगा
ई. राकेश गर्ग, एसडीओ आईपीएच, हमीरपुर
विकास के चक्कर में व्यापार ठप
दुकानदारों रिंकू राम, चेतन, राजेश कुमार, अमरजीत सिंह, अशोक कुमार, संजीव कुमार, सुरेश कुमार आदि ने कहा कि पाइप डालने के उपरांत खोदी गई नाली को साथ-साथ में भरा जाना चाहिए। खुदाई से निकली मिट्टी सडक़ मार्ग पर पड़ी हुई है, जिस कारण दुकानदारों का व्यापार ठप हो गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

