हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने बचाई मरीज की जान

By: Jul 26th, 2026 12:49 am

बत्ती दी हट्टी के पास लगातार भूस्खलन से चंबा-भरमौर एनएच फिर बंद

नगर संवाददाता-चंबा
चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन के बीच हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने साहस का परिचय देते हुए एक मरीज को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने पेट्रोलिंग वाहन से अस्पताल पहुंचाया। टीम ने सक्रिय भूस्खलन और पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों के बीच मरीज को सुरक्षित एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की। वहीं, बत्ती दी हट्टी के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण चंबा-भरमौर एनएच पर यातायात एक बार फिर ठप हो गया है। खतरे को देखते हुए एनएचएआई फिलहाल मार्ग बहाल नहीं कर पा रहा है। मौके पर जेसीबी मशीन और मैनपावर तैनात है, लेकिन पत्थर गिरना बंद होने के बाद ही मलबा हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा।

गौरतलब है कि बत्ती दी हट्टी और दुर्गेठी क्षेत्र में लगातार भूस्खलन के चलते एनएच पर यातायात सुचारू रखना बड़ी चुनौती बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से विशेषकर रात्रि के समय इस मार्ग पर यात्रा से बचने की अपील की है। एनएचएआई के साइट इंचार्ज इंजीनियर साहिल चंदेल ने बताया कि पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण यातायात बहाली का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। स्थिति सामान्य होते ही मार्ग खोलने का प्रयास किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App