Himachal Monsoon : हिमाचल में मानसून पकड़ेगा रफ्तार, चार दिन भारी बारिश का अलर्ट
बिलासपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट और मंडी, शिमला, सोलन के लिए येलो अलर्ट जारी
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेश में मंगलवार से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकडऩे जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग शिमला ने 29 जुलाई से 1 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद 30 और 31 जुलाई को वर्षा का दौर और तेज होने की आशंका है। इन दिनों शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। एक अगस्त को भी कई क्षेत्रों में भारी वर्षा का क्रम जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, जलभराव, नदियों और खड्डों के जलस्तर में वृद्धि तथा कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहेगा। पहाड़ी सडक़ों पर फिसलन बढऩे से यातायात प्रभावित हो सकता है और कई मार्ग बाधित होने की आशंका भी है। बागवानी और कृषि क्षेत्र को भी नुकसान पहुंच सकता है। विभाग ने लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार किन्नौर और लाहौल-स्पीति में फिलहाल भारी वर्षा की कोई विशेष चेतावनी नहीं है, जबकि मध्य और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में अगले कुछ दिन विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता रहेगी।
कंडाघार में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा कंडाघाट में 11 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नालागढ़ में 5, राजगढ़ में 4, काहू और कोठी में 4-4, संगड़ाह में 4, जोगिंद्रनगर में 3, जट्टोन बैराज, सिमला और कुफरी में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 12.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
—पंकज चौहान
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

