जापान में हिमाचल की बेटी की चमक, मक्की के दाने निकालने की अनोखी मशीन तैयार कर बढ़ाया मान
कार्यालय संवाददाता — मंडी
हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने एक बार फिर वैश्विक पटल पर राज्य का मान बढ़ाया है। मंडी जिले के दूर-दराज क्षेत्र की होनहार छात्रा भानुप्रिया ने भारत सरकार के प्रतिष्ठित इंस्पायर मानक अवॉर्ड स्कीम के तहत सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। अंतरराष्ट्रीय विज्ञान शैक्षणिक स्पर्धा जापान में हुई है। हिमाचल प्रदेश से इस वैज्ञानिक दल में शामिल होने वाली भानुप्रिया एकमात्र छात्रा रही हैं। बता दें कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मौवीसेरी (मंडी) की जमा दो की छात्रा भानुप्रिया की यह सफलता इसलिए बेहद खास है, क्योंकि आज के दौर में जहां अधिकांश रेडीमेड या दूसरों की मदद से बने मॉडलों पर निर्भर रहते हैं, वहीं छात्रा अपने ग्रामीण परिवेश की व्यावहारिक समस्या का समाधान खोजा। भानुप्रिया ने पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों की मक्की छीलने की समस्या को देखते हुए एक बेहद सरल और किफायती उपकरण तैयार किया है।
इस उपकरण में एक बेलनाकार नली का प्रयोग किया गया है, जिसके भीतर विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग नाप और साइज की कीलें लगाई गई हैं। जब इसमें मक्की का भुट्टा डाला जाता है, तो ये कीलें इतनी कुशलता से काम करती हैं कि मक्की का एक-एक दाना बिना किसी नुकसान के आसानी से अलग हो जाता है। विशेषकर प्रदेश के उन दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में जहां बड़ी और भारी थ्रेशर मशीनें ले जाना बेहद कठिन होता है, वहां भानुप्रिया का यह छोटा सा आविष्कार किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। छात्रा भानुप्रिया की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके मेंटर शिक्षकों में प्रोमिला, प्रेम लता और नरेश ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

