हरोली में हिमाचल का पहला कमांड सेंटर शुरू…क्राइम पर रहेगी पैनी नजर

By: Jul 4th, 2026 12:02 am

हिमाचल का पहला पूर्ण सीसीटीवी निगरानी वाला विधानसभा क्षेत्र बना, उपमुख्यमंत्री ने 5.50 करोड़ रुपए के आईना कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का किया लोकार्पण
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना
ऊना जिले का हरोली विधानसभा क्षेत्र अब हिमाचल प्रदेश का पहला पूर्ण सीसीटीवी निगरानी वाला विधानसभा क्षेत्र बन गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को मिनी सचिवालय स्थित डीएसपी कार्यालय में 5.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक आईना कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का लोकार्पण किया। इस परियोजना के माध्यम से पूरे विधानसभा क्षेत्र में स्मार्ट पुलिसिंग और तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली के 60 महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए 195 हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी।

अपराध में प्रयुक्त या संदिग्ध वाहन क्षेत्र में प्रवेश करते ही कमांड सेंटर को स्वत: अलर्ट प्राप्त होगा, जिससे पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकेगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी अब तकनीक के माध्यम से प्रभावी नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि आईना प्रदेश की पहली पूर्णत: वायरलेस कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली है। सेंटर में 19 बड़ी एलईडी वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग होगी। सिस्टम तीन माह तक का डेटा सुरक्षित रखने में सक्षम है, जबकि किसी प्रकार की तकनीकी छेड़छाड़ होने पर भी आठ घंटे तक की रिकॉर्डिंग रहेगी। लगभग 1.50 करोड़ की लागत से सात इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं।

ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी भी जल्द

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हरोली अस्पताल को 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तरों का बनाने के लिए 8.50 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा क्षेत्र में करीब 140 करोड़ की लागत से पुलों का निर्माण, 75 करोड़ की सिंचाई परियोजना तथा 97 करोड़ की कमांड एरिया डेवलपमेंट परियोजना पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क परियोजना की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी भी जल्द आयोजित होगी।

पुलिस की नई गाड़ी को दिखाई हरी झंडी

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने डीएसपी कार्यालय हरोली के लिए नए पुलिस वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि हरोली उपमंडल के 60 स्थानों पर 195 कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें 103 ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे शामिल हैं। इनकी मदद से संदिग्ध वाहनों की पहचान के साथ-साथ ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और सीट बेल्ट का उपयोग न करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App