हिमाचल में 3 दिन बहुत भारी बारिश की चेतावनी, छह से लेकर नौ जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी

By: Jul 6th, 2026 12:01 am

छह से लेकर नौ जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट, 11 तक बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार

कार्यालय संवाददाता — शिमला

हिमाचल प्रदेश में बारिश का सिलसिला अब और तेज होने के हालात बनते जा रहे हैं। राज्य में छह से नौ जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और कई क्षेत्रों में गहरी धुंध भी छाई रही। मौसम विभाग ने राज्य में 11 जुलाई तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 84.2 मिलीमीटर वर्षा कांगड़ा जिला के घमरूर में दर्ज की गई। इसके अलावा धर्मशाला में 39.2 मिमी, बिलासपुर जिले के नैना देवी में 28.2 मिमी, मंडी जिले के मुरारी देवी में 26.2 मिमी, सोलन जिला के धर्मपुर में 16.2 मिमी, बिलासपुर के मलराओं में 15.0 मिमी, ऊना में 14.2 मिमी, सोलन के कसौली और चंबा के भरमौर में 14-14 मिमी तथा बिलासपुर के काहू में 13.2 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार छह जुलाई को ऊना, कांगड़ा व सिरमौर जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं चंबा, मंडी व शिमला जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। सात जुलाई को कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। इसी तरह आठ को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा नौ जुलाई को बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 10 और 11 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

चंद्रभागा नदी पर बने पुल को लेकर एडवाइजरी

लगातार बारिश और चंद्रभागा नदी का जलस्तर बढऩे के कारण लाहुल-स्पीति जिला प्रशासन ने जोबरंग पुल को लेकर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने कहा है कि यदि पुल के ऊपर से पानी बह रहा हो या नदी का जलस्तर अधिक हो, तो किसी भी स्थिति में पुल पार न करें। पैदल यात्री भी खास ख्याल रखें।

भरमौर एनएच पर निजी बस पर गिरी चट्टान, एक की मौत, चार घायल

चंबा-मैहला। चंबा-भरमौर एनएच पर रविवार सुबह गैहरा पास एक निजी बस पर पहाड़ी से टूटी चट्टान आ गिरी, जिससे बस में बैठे एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान साहिल ठाकुर पुत्र नाथो राम वासी गांव धरेड के रूप में हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App